पेस और ब्लैक की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने गुरुवार को खेले गए पहले दौर के मुकाबले में वर्जिनिया राजानो और जेफ कोएट्जी की जोड़ी को 6-3, 6-3 से पराजित किया।
अगले दौर में पेस और ब्लैक का सामना सिबली बैमर और लुकास कुबोट की जोड़ी के साथ होगा। बैमर और कुबोट ने पहले पहले दौर के मुकाबले में स्लोवाकिया की डोमिनिका क्लबल्कोवा और फिलिप पोलेस्क को 6-7 (2), 6-2, 10-7 से हराया।
पेस अपने पुरुष जोड़ीदार चेक गणराज्य के लुकास डुल्ही के साथ पहले ही युगल मुकाबलों के दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। इस साल फ्रेंच ओपन में एक भी भारतीय एकल मुकाबलों में अपनी दावेदारी पेश नहीं कर रहा है।
महिला वर्ग में अमेरिका की विलियम्स बहनें-सेरेना और वीनस तीसरे दौर में पहुंच गई हैं। इसके अलावा विश्व के दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर भी पुरुषों के एकल वर्ग के तीसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे हैं।
फेडरर ने जहां दूसरे दौर के मुकाबले में जोस अकासुरो को 7-6, 5-7, 7-6, 6-2 से पराजित किया, वहीं 2002 में यहां खिताब जीतने वाली सेरेना ने वर्जिनिया रुआनो पास्क्वेल को 6-2, 6-0 से हराया। वीनस ने दूसरे दौर के मुकाबले में लूसी साफारोवा पर बड़ी कठिनाई से 6-7, 6-2, 7-5 से जीत दर्ज की।
महिला वर्ग में रूस की एलिना दिमेंतिएवा भी जीत हासिल करने में सफल रहीं। दिमेंतिएवा ने आस्ट्रेलिया की जेलेना डोकिच को हराया। डोकिच हालांकि कमर में दर्द के कारण मैच पूरा नहीं कर सकीं। खेल रोके जाने तक दिमेंतिएवा 2-6, 3-4 से पीछे चल रही थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।