पीसीबी ने साफ किया कि यूसुफ और रज्जाक ने आईसीएल के सामने अपना करार खत्म करने का जो प्रस्ताव रखा था, उसे स्वीकार कर लिया गया है। इसके बाद दोनों खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए स्वतंत्र हैं।
पीसीबी ने अपने बयान में कहा, "आईसीएल आयोजन समिति ने करार समाप्त करने संबंधी रज्जाक और यूसुफ का आवेदन स्वीकार कर लिया है। अब ये दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम को अपनी सेवाएं देने के लिए स्वतंत्र हैं।"
पाकिस्तान के लिए 79 टेस्ट और 269 एकदिवसीय मैच खेल चुके यूसुफ को श्रीलंका दौरे के लिए राष्ट्रीय टीम में शामिल करने की चर्चा जोरों पर है। पीसीबी अध्यक्ष एजाज बट्ट ने भी गुरुवार को यूसुफ को टीम में शामिल करने की बात कही थी।
पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक सहित पाकिस्तान के 19 खिलाड़ियोंे ने 2007 में शुरू हुए आईसीएल में हिस्सा लिया था। पीसीबी ने कुछ दिनों पहले कहा था कि जो खिलाड़ी 31 मई तक बागी लीग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र हासिल कर लेंगे उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह मिल सकती है।
पीसीबी ने हालांकि यह भी कहा था कि बागी लीग का साथ देने के कारण खिलाड़ियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी, लेकिन इसका निर्धारण व्यक्तिगत मामलों के आधार किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।