शुक्रवार को खेले गए दूसरे दौर के मुकाबले में चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी जोकोविक ने युक्रेन के क्वालीफाईंग खिलाड़ी सर्गेई स्टैकोवस्की को 6-3, 6-4, 6-1 से पराजित किया। अपने करियर के 14वें ग्रैंड स्लैम के लिए प्रयासरत फेडर ने शुक्रवार को ही दूसरे दौर के मुकाबले में जोस अकासुरो को 7-6, 5-7, 7-6, 6-2 से हराया।
उधर, अमेरिका की विलियम्स बहनें-सेरेना और वीनस महिला वर्ग के एकल मुकाबलों के तीसरे दौर में पहुंच गई हैं। 2002 में यहां खिताब जीतने वाली सेरेना ने वर्जिनिया रुआनो पास्क्वेल को 6-2, 6-0 से हराया जबकि वीनस ने दूसरे दौर के मुकाबले में लूसी साफारोवा पर बड़ी कठिनाई से 6-7, 6-2, 7-5 से जीत दर्ज की।
महिला वर्ग में रूस की एलिना दिमेंतिएवा भी जीत हासिल करने में सफल रहीं। दिमेंतिएवा ने आस्ट्रेलिया की जेलेना डोकिच को हराया। डोकिच हालांकि कमर में दर्द के कारण मैच पूरा नहीं कर सकीं। खेल रोके जाने तक दिमेंतिएवा 2-6, 3-4 से पीछे चल रही थीं।
मिश्रित युगल मुकाबलों में भारत के दिग्गज टेनिस स्टार लिएंडर पेस अपनी महिला जोड़ीदार जिंबाब्वे की कारा ब्लैक के साथ दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। पेस और ब्लैक की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने गुरुवार को खेले गए पहले दौर के मुकाबले में वर्जिनिया राजानो और जेफ कोएट्जी की जोड़ी को 6-3, 6-3 से पराजित किया।
अगले दौर में पेस और ब्लैक का सामना सिबली बैमर और लुकास कुबोट की जोड़ी के साथ होगा। बैमर और कुबोट ने पहले पहले दौर के मुकाबले में स्लोवाकिया की डोमिनिका क्लबल्कोवा और फिलिप पोलेस्क को 6-7 (2), 6-2, 10-7 से हराया।
पेस अपने पुरुष जोड़ीदार चेक गणराज्य के लुकास डुल्ही के साथ पहले ही युगल मुकाबलों के दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। इस साल फ्रेंच ओपन में एक भी भारतीय एकल मुकाबलों में अपनी दावेदारी पेश नहीं कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।