रविवार को खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सफीना ने फ्रांस की एरावान रेजाई को 6-1, 6-0 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।
अगले दौर में सफीना की भिड़ंत नौवीं वरीयता प्राप्त बेलारूस की विक्टोरिया एजारेंका या फिर मौजूदा चैंपियन सर्बिया की एना इवानोविक से हो सकती है। पिछले साल इवानोविक ने सफीना को हराकर खिताब जीता था।
उधर, लिएंडर पेस और उनकी महिला जोड़ीदार जिंबाब्वे की कारा ब्लैक की हार के साथ मिश्रित युगल मुकाबलों में भारत की चुनौती समाप्त हो गई है।
गुरुवार को खेले गए पहले दौर के मुकाबले में वर्जिनिया राजानो और जेफ कोएट्जी की जोड़ी को 6-3, 6-3 से पराजित कर दूसरे दौर में जगह बनाने वाली पेस-ब्लैक की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को रविवार को तीसरे दौर के लिए खेले गए मुकाबले में सिबली बैमर और लुकास कुबोट की जोड़ी ने 6-0, 1-6, 10-6 से पराजित किया।
मिश्रित युगल वर्ग में भारत की चुनौती पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। महेश भूपति और सानिया मिर्जा के रूप में यहां चुनौती पेश कर रही एक अन्य भारतीय जोड़ी पहले ही बाहर हो चुकी है।
आस्ट्रेलियन ओपन का मिश्रित युगल खिताब जीतने वाली भूपति-सानिया की जोड़ी को फ्रांस की नताली डेसी और इजरायल के एंडी रैम ने सीधे सेटों में 6-1, 7-5 से पराजित किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।