बार्सिलोना ने इस साल का घरेलू खिताब जीता जबकि रियल बेटिस, रेक्रीटीवो डी हुएल्वा और नुमैंसिया के रूप में तीन टीमें अगले सत्र के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकीं। बार्सिलोना ने घरेलू लीग के अलावा किंग्स कप खिताब पर भी कब्जा किया।
एटलेटिको मेड्रिड ने जहां अगले साल होने वाले यूरोपा कप में खेलने का हक हासिल किया वहीं सेविला ने बार्सिलोना और रियल मेड्रिड के साथ चैंपियंस लीग में खेलने का अधिकार बनाए रखा।
नया सत्र निश्चित तौर पर बदलाव लेकर आएगा क्योंकि रियल मेड्रिड अपने नए कोच के नाम की घोषणा करने वाला है। यही नहीं, नए सत्र में रियल के साथ ब्राजील के स्टार खिलाड़ी काका भी जुड़ सकते हैं।
एटलेटिको मेड्रिड के फारवर्ड डिएगो फोर्लान को 2009 का 'गोल्डन बूट' मिला। फोर्लान ने इस सत्र में कुल 32 गोल दागे। फोर्लान ने दूसरी बार इस ट्रॉफी पर कब्जा किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।