भूटिया ने कोलकाता से फोन पर बातचीत के दौरान आईएएनएस को बताया, "मैं नहीं समझता कि मैं दोबारा कभी स्टेज पर इस तरह डांस कर पाऊंगा। मैं खास समारोहों में जरूर नाचना पसंद करूंगा लेकिन टीवी पर दोबारा नाचते हुए दिखने का मेरा कोई इरादा नहीं।"
भूटिया ने बताया कि उन्होंने महज अनुभव हासिल करने के लिए 'झलक दिखला जा' में काम किया था। बकौल भूटिया, "मैंने अनुभव के लिए यह सब किया। अब मैं जीत चुका हूं। मुझे खुशी है कि यह कार्यक्रम अब खत्म हो चुका है। अब मैं खेल की ओर लौटना चाहता हूं।"
भूटिया ने कहा कि वह मैदान में लौटकर अगस्त में होने वाले नेहरू गोल्ड कप फुटबाल टूर्नामेंट के लिए तैयारी करना चाहते हैं। नेहरू कप से पहले भारतीय खिलाड़ियों को अभ्यास मैचों में हिस्सा लेने के लिए स्पेन या पुर्तगाल जाना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।