वेबसाइट 'ईएसपीएन क्रिकइंफो डॉट कॉम' से विशेष बातचीत के दौरान मोदी ने कहा, "हमने आईसीसी से कभी भी चैंपियंस लीग या आईपीएल के लिए एफटीपी में जगह बनाने का अनुरोध नहीं किया है। हमारा मानना है कि इन दो टूर्नामेंट के लिए एफटीपी में जगह बनाने की आवश्यकता ही नहीं है क्योंकि इनके लिए पहले से ही पर्याप्त समय उपलब्ध है। हम भविष्य में आईसीसी से इस तरह का अनुरोध नहीं करेंगे।"
मोदी का यह बयान आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारुन लोगार्ट के उस बयान के जवाब में आया है जिसमें उन्होंने मोदी के चैंपियंस लीग और आईपीएल को एफटीपी में जगह मिलने के दावों का खंडन किया था। लोगार्ट ने कहा था कि इस संबंध में उन्हें बीसीसीआई की ओर से कोई अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ है।
मोदी ने आईपीएल के दूसरे संस्करण की समाप्ति के बाद कहा था कि चैंपियंस लीग और आईपीएल को आईसीसी ने अपने एफटीपी में जगह दे दी है। मोदी ने कहा था कि टेस्ट खेलने वाले देशों से राय लेने के बाद आईसीसी ने यह फैसला किया है। इस लिहाज से ये दो टूर्नामेंट आईसीसी के आधिकारिक टूर्नामेंट के तौर पर खेले जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।