ब्रिटेन के समाचार पत्र 'न्यूज एक्सप्रेस' के मुताबिक सोमवार को रियल मेड्रिड का अध्यक्ष चुने जाने के तुरंत बाद पेरेज ने काका को स्पेन लाने की बात कही थी। इसे लेकर एसी मिलान के खेमे में भी उत्सुकता बढ़ गई थी लेकिन काका के ताजातरीन बयान के बाद इस संबंध में चर्चा खत्म हो गई है।
पत्र ने काका के हवाले से लिखा है, "मैं बिल्कुल साफ शब्दों में और अंतिम बार कह रहा हूं कि मेरा मिलान छोड़कर कहीं और जाने का कोई इरादा नहीं है। अटकलों का बाजार गर्म है लेकिन मैं चुप रहना चाहता हूं क्योंकि इस दौरान मेरी बातों का गलत अर्थ निकाला जा सकता है।"
काका ने कहा कि वह एसी मिलान के प्रशंसकों की खातिर मिलान में बने रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "एसी मिलान के लाखों प्रशंसकों ने कहा कि मुझे कहीं नहीं जाना है। मैं उनके इस फैसले का सम्मान करता हूं। अब इस मुद्दे को लेकर और चर्चा नहीं होनी चाहिए। अब कृप्या मुझे शांति से रहने दें।"
इटली की घरेलू लीग सेरी-ए के पिछले सत्र के दौरान ही काका के प्रीमियर लीग क्लब मैनचेस्टर सिटी के साथ करार संबंधी अटकलें लगाई जा रही थीं। ऐसा कहा जा रहा था कि सिटी क्लब काका के बदले 14 करोड़ डॉलर खर्च करने को तैयार है, हालांकि यह सौदा मूर्त रूप नहीं ले सका था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।