सीए ने गुरुवार को अपने बयान में कहा कि सायमंड्स को शराब पीने के बाद अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लेने के कारण टीम से हटाया गया है।
सीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेम्स सदरलैंड और कप्तान रिकी पोंटिंग एक संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से सायमंड्स को स्वदेश लौटाए जाने की घोषणा कर चुके हैं।
सदरलैंड ने कहा कि सायमंड्स ने शराब के सेवन और उससे जुड़े टीम के नियमों का उल्लंघन किया है, लिहाजा उन्हें वापस भेजा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सायमंड्स ने बुधवार को लंदन के किंग्सटन होटल में आयोजित एक समारोह में हिस्सा लिया था लेकिन वह गुरुवार को ओवल मैदान में टीम के अभ्यास सत्र में शामिल नहीं हुए।
ऐसा कहा जा रहा है कि वह गुरुवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ रग्बी मैच देखने चले गए थे। उन्होंने इस संबंध में टीम प्रबंधन को सूचित नहीं किया था। रग्बी मैच के दौरान सायमंड्स ने जमकर शराब पी और फिर टीम के अभ्यास सत्र के लिए लौटे ही नहीं।
इससे पहले भी सायमंड्स को शराब पीने, नशे की हालत में अनाप-शनाप बयानबाजी करने और अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लेने के कारण टीम से निकाला जा चुका है।
वेबसाइट 'ईएसपीएन क्रिकइंफो डॉट कॉम' से मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना के बाद सायमंड्स क्रिकेट से संन्यास लेने के बारे में सोचने लगे हैं क्योंकि उनका मानना है कि अब राष्ट्रीय टीम में उनकी वापसी संभव नहीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।