आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'सिडनी मार्निग हेराल्ड' के मुताबिक 25 वर्षीय व्हाइट को विश्व कप के लिए चयनित टीम में शामिल नहीं किया गया था, जो अपने आप में काफी चौंकाने वाला फैसला था।व्हाइट ने आस्ट्रेलिया के लिए सात ट्वेंटी-20 मैच खेले हैं। वह 102 गेंदों का सामना करते हुए 152 रन बना चुके हैं। 40 नाबाद उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर रहा है।
सायमंड्स को स्वदेश लौटाने का फैसला करने के साथ ही क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) ने स्थानापन्न खिलाड़ी को बुलाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से अनुमति मांगी थी। आईसीसी ने व्हाइट के नाम पर सहमति जता दी है। व्हाइट 24 घंटे के भीतर इंग्लैंड पहुंच जाएंगे। आस्ट्रेलिया का पहला ग्रुप मैच शनिवार को वेस्टइंडीज के साथ ओवल मैदान पर खेला जाना है।
सीए ने गुरुवार को अपने बयान में कहा कि सायमंड्स को शराब पीने के बाद अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लेने के कारण टीम से हटाया गया है। सायमंड्स ने बुधवार को लंदन के किंग्सटन होटल में आयोजित एक समारोह में हिस्सा लिया था लेकिन वह गुरुवार को ओवल मैदान में टीम के अभ्यास सत्र में शामिल नहीं हुए।
ऐसा कहा जा रहा है कि वह गुरुवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ रग्बी मैच देखने गए थे। उन्होंने इस संबंध में टीम प्रबंधन को सूचित नहीं किया था। रग्बी मैच के दौरान सायमंड्स ने जमकर शराब पी और फिर टीम के अभ्यास सत्र के लिए लौटे ही नहीं।
इससे पहले भी सायमंड्स को शराब पीने, नशे की हालत में अनाप-शनाप बयानबाजी करने और अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लेने के कारण टीम से निकाला जा चुका है। वेबसाइट 'ईएसपीएन क्रिकइंफो डॉट कॉम' से मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना के बाद सायमंड्स क्रिकेट से संन्यास लेने के बारे में सोचने लगे हैं क्योंकि उनका मानना है कि अब राष्ट्रीय टीम में उनकी वापसी संभव नहीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।