नई दिल्ली, 5 जून (आईएएनएस)। ट्वेंटी-20 विश्व कप के दूसरे संस्करण के अंतर्गत रविवार को दक्षिण अफ्रीकी टीम रविवार को ओवल मैदान पर स्कॉटलैंड के सामने होगी। ग्रीम स्मिथ की टीम इस मैच को आसानी से जीतकर पहली बार कोई विश्व कप खिताब जीतने के अपने अभियान का सफल आगाज करना चाहेगी।
स्मिथ के अलावा जैक्स कालिस, हर्शेल गिब्स, अब्राहम डिबिलियर्स, जीन पॉल डुमिनी, मार्क बाउचर, एल्बी मोर्कल और डेल स्टेन जैसे कद्दावर खिलाड़ियों से लैस इस टीम को हराना स्कॉटलैंड के लिए बहुत कठिन होगा।
हाल ही में संपन्न इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान कप्तान सहित लगभग 10 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। खासतौर पर डिविलियर्स, डुमिनी और गिब्स ने अपने प्रदर्शन के बूते अपनी-अपनी टीमों के लिए असीम योगदान दिया।
माहौल और पिचों के लिहाज से दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड एक जैसे ही माने जाते हैं। इस लिहाज से अपने घर में हुए आईपीएल में चमक बिखेरने वाले दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों के लिए इंग्लैंड में शानदार प्रदर्शन करना कोई बड़ी बात नहीं होगी।
दक्षिण अफ्रीका को न्यूजीलैंड और स्कॉटलैंड के साथ एक ग्रुप में रखा गया है। स्कॉटलैंड को हराने में उसे दिक्कत नहीं आनी चाहिए लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ उसे सावधान रहना होगा क्योंकि अभ्यास मैच में भारत को हराकर न्यूजीलैंड ने अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं।
दूसरी ओर, स्कॉटलैंड के लिए यह मैच काफी रोचक साबित हो सकता है। उसके लिए जीत हासिल करना मुश्किल दिख रहा है लेकिन कुछ एक खिलाड़ियों की बूते वह उलटफेर करने के बारे में सोच सकती है।
इनमें इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट खेल चुके कप्तान गेविन हेमिल्टन, बल्लेबाज केइल कोएत्जर, सलामी बल्लेबाज फ्रेजर वॉट्स और कोलिन स्मिथ प्रमुख भूमिका अदा कर सकते हैं।
गेंदबाजी में स्कॉटलैंड को कैलम मैक्लियान, गार्डन ड्रमंड और ग्लेन रोजर्स से काफी उम्मीद होगी। इंग्लैंड के खिलाफ हुए अभ्यास मैच के बाद हेमिल्टन ने कहा था कि टेस्ट खेलने वाली टीमों की तुलना में उनकी टीम कमजोर है लेकिन उनके खिलाड़ियों में खेल में रोमांच लाने की क्षमता है।
ट्वेंटी-20 मैचों का कम अनुभव स्कॉटलैंड की राह में रोड़ा बन सकता है लेकिन विश्व कप में जीत हासिल करने की लालसा उसे अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित कर सकती है।
स्कॉटलैंड ने 2007 विश्व कप में भी हिस्सा लिया था उसे अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका नहीं मिला था क्योंकि उसका एक मैच बारिश में धुल गया था। पहले मैच में उसे पाकिस्तान से 51 रनों से हार मिली थी जबकि भारत के खिलाफ होने वाला उसका मैच रद्द हो गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**