कप्तान ने बताया कि जहीर और सहवाग कंधे की चोट से परेशान हैं। इसी चोट के कारण दोनों खिलाड़ी न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के साथ खेले गए अभ्यास मैचों में नहीं खेल सके थे।
शुक्रवार को पत्रकारों से मुखातिब धौनी ने कहा, "मैं नहीं जानता कि सहवाग खेलने की स्थिति में आ पाएंगे या नहीं लेकिन जहीर ने गेंदबाजी शुरू कर दी है। इसके बावजूद हम इन दोनों खिलाड़ियों को लेकर किसी प्रकार का जोखिम नहीं मोल लेना चाहते। दोनों हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण हैं लेकिन फिलहाल हम इनके बगैर खेलने के बारे में सोच रहे हैं।"
जहीर को विश्व कप से ठीक पहले दक्षिण अफ्रीका में आयोजित इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान चोट लगी थी जबकि सहवाग को लंदन पहुंचने के बाद अभ्यास के दौरान चोट लगी है।
सहवाग की गैरमौजूदगी में धौनी ने रोहित शर्मा से पारी की शुरुआत कराकर एक तरह से जोखिम मोल लिया लेकिन रोहित ने अभ्यास मैचों में शानदार पारियां खेलकर धौनी के विश्वास को बनाए रखा। ऐसा माना जा रहा है कि बांग्लादेश के खिलाफ भी रोहित और गौतम गंभीर ही पारी की शुरुआत करेंगे।
दूसरी ओर, जहीर की गैरमौजूदगी में आक्रमण पंक्ति की कमान प्रवीण कुमार, ईशांत शर्मा और रुद्र प्रताप सिंह में से किसी एक को दी जा सकती है। इसके अलावा भारत अपने दो स्पिनरोंे-हरभजन सिंह और प्रज्ञान ओझा को भी आजमा सकता है।
धौनी ने अपनी टीम पर भरोसा जताते हुए कहा, "हमारी टीम काफी संतुलित है। इससे मेरे अंदर विश्वास बना है कि हम पहले मैच में जरूर जीत हासिल करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*