खबर लिखे जाने तक आस्ट्रेलिया ने 10 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट के नुकसान पर 63 रन बना लिए थे। डेविड वार्नर 34 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि ब्रैड हेडिन ने 14 रन बनाए थे।
आस्ट्रेलिया ने मात्र 15 रन के कुल योग पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। उसका तीसरा विकेट माइकल क्लार्क के रूप में गिरा था। क्लार्क को दो रन के व्यक्तिगत योग पर फिडेल एडवर्ड्स ने आउट किया।
इससे पहले आस्ट्रेलिया ने मात्र दो रन के कुल योग पर अपने दो विकेट गंवा दिए थे। आस्ट्रेलिया का पहला विकेट एक रन के कुल योग पर शेन वॉटसन के रूप में गिरा था।
वॉटसन खाता भी नहीं खोल पाए थे कि जेरोम टेलर ने उन्हें रामनरेश सरवन के हाथों कैच करा दिया। इसके बाद कुल योग में अभी एक ही रन जुड़ा था कि टेलर ने कप्तान रिकी पोंटिंग को भी चलता कर दिया। पोंटिंग भी खाता नहीं खोल सके। टेलर ने ये दोनों विकेट मैच के पहले ओवर में चटकाए।
विश्व कप के दूसरे संस्करण का यह तीसरा मैच है। शुक्रवार को खेले गए पहले मैच में नीदरलैंड्स ने इंग्लैंड को चार विकेट से हराकर भारी उलटफेर किया था। शनिवार को ओवल मैदान पर ही खेले गए दूसरे मैच में न्यूजीलैंड ने स्कॉटलैंड को सात विकेट से पराजित किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।