वेस्टइंडीज के कप्तान क्रिस गेल 38 गेंदों पर पांच छक्के और छह चौके की मदद से 72 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि आंद्रे फ्लेचर ने 30 गेंदों पर एक छक्के और छह चौकों की मदद से 49 रन बनाए थे।
इससे पहले, जेरोम टेलर और फिडेल एडवर्ड्स की शानदार गेंदबाजी की बदौलत वेस्टइंडीज ने एक समय मात्र 15 रन के कुल योग पर आस्ट्रेलिया के तीन बल्लेबाजों को पेवेलियन लौटा दिया था लेकिन इसके बावजूद रिकी पोंटिंग की टीम उसे 170 रनों का लक्ष्य देने में सफल रही।
जाहिर तौर पर अपने स्ट्राइक गेंदबाजों द्वारा दी गई अच्छी शुरुआत को वेस्टइंडीज के अन्य गेंदबाज भुना नहीं सके और लगातार रन देते रहे। वेस्टइंडीज के लिए डेविड वार्नर (63) और ब्रैड हेडिन (24) के बीच चौथे विकेट के लिए हुई 66 रनों की साझेदारी सबसे बड़ा झटका साबित हुई।
इसी साझेदारी की बदौलत आस्ट्रेलिया ने अपनी स्थिति सुधारी और बाद में आने वाले बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोरते हुए कुल योग को 169 तक पहुंचा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आस्ट्रेलियाई टीम ने निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति तक अपने सात विकेट गंवा दिए लेकिन उसे 169 रन बनाने का संतोष भी रहा। यह स्कोर किसी भी लिहाज से वेस्टइंडीज के लिए आसान साबित नहीं होगा।
वार्नर ने अपनी 53 गेदों की पारी के दौरान छह चौके और एक छक्का लगाया जबकि डेविड हसी ने भी 27 रनों का योगदान दिया। डेविड के बड़े भाई माइकल हसी 28 रन बनाकर नाबाद लौटे। माइकल ने मात्र 15 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके और एक छक्का जड़ा।
आस्ट्रेलिया के चार बल्लेबाज शेन वॉटसन (0), कप्तान रिकी पोंटिंग (0), माइकल क्लार्क (2) और मिशेल जानसन (9) दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। ब्रेट ली एक रन बनाकर नाबाद लौटे।
वेस्टइंडीज की ओर से जेरोम टेलर, फिडेल एडवर्ड्स और ड्वेन ब्रावो ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। वेस्टइंडीज को जीत के साथ आगाज करने के लिए 8.45 रन प्रति ओवर की गति से रन जुटाने की जरूरत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।