पेरिस, 6 जून (आईएएनएस)। भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस और उनके जोड़ीदार चेक गणराज्य के लुकास डुल्ही ने साल के दूसरे ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन के पुरुषों का युगल मुकाबला जीत लिया।
रोलैंड गैरोस में यहां शनिवार को हुए खिताबी मुकाबले में पेस-डुल्ही ने दक्षिण अफ्रीका के वेस्ले मूडी और बेल्जियम के डिक नार्मन की जोड़ी को एक घंटा 40 मिनट के भीतर 3-6, 6-3, 6-2 से हराया।
इससे पहले पेस-डुल्ही की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में कनाडा के डेनियल नेस्टर और सर्बिया के नेनाद जिमोनजिक को कड़े मुकाबले के बाद पराजित किया था। पेस-डुल्ही ने यह मुकाबला एक घंटे 48 मिनट में 7-6 (4), 7-6 (5) से जीता।
उधर दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के वेस्ले मूडी और बेल्जियम के डिक नार्मन की जोड़ी ने अमेरिका के ब्रायन भाइयों-बॉब और माइक को तीन सेट तक चले मुकाबले के बाद 0-6, 7-6 (5), 6-4 से पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।