ट्वेंटी-20 विश्व कप: ओझा ने कहा, भारतीय टीम में जगह बनाना आसान नहीं
ट्रेंट ब्रिज, 7 जून (आईएएनएस)। ट्वेंटी-20 विश्व कप में शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ मिली जीत में अहम भूमिका निभाने वाले भारतीय टीम के फिरकी गेंदबाज प्रज्ञान ओझा का कहना है कि मौजूदा समय में इस टीम का हिस्सा होना आसान नहीं है।
विश्व कप के पहले मुकाबले में भारत ने शनिवार को बांग्लादेश को 25 रनों से हराया। इस मैच में ओझा ने 21 रन देकर चार विकेट चटकाए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।
मैच खत्म होने के बाद ओझा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "मैं अपने प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। मौजूदा भारतीय टीम में जगह बनाना आसान नहीं है। एक बार आपका चयन हो भी गया तो आपके ऊपर अच्छा प्रदर्शन करने की जिम्मेदारी आ जाती है।"
बांग्लादेश के खिलाफ अपनी शानदार गेंदबाजी के बारे में उन्होंने कहा, "मेरी गेंदबाजी में विविधता की वजह से मुझे कामयाबी मिली। मेरी गेंदबाजी में उछाल था जिस वजह से मैं बल्लेबाजों पर नियंत्रण रख सका।"
उल्लेखनीय है कि भारत की जीत में ओझा के अलावा गौतम गंभीर और युवराज सिंह ने भी अहम भूमिका निभाई थी। गंभीर ने 50 और युवराज ने महज 18 गेंदों में 41 रनों की धुआंधार पारी खेली।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications