विटोरी के कंधे में चोट है। इस वजह से वह शनिवार को स्कॉटलैंड के साथ खेले गए पहले मुकाबले में भी नहीं खेल सके थे। ब्रेंडन मैक्लम ने उस मैच में कप्तानी की थी। न्यूजीलैंड वह मैच जीतने में सफल रहा था।
विटोरी ने सोमवार को लॉर्ड्स में हल्का अभ्यास किया। अभ्यास सत्र के दौरान वह गेंदबाजी करते हुए सहज नहीं दिखे। ऐसा माना जा रहा है कि टीम प्रबंधन ने एहतियात बरतते हुए उन्हें सुपर-8 दौर तक आराम देने का फैसला कर लिया है।
विटोरी की जगह तेज गेंदबाज केइल मिल्स को टीम में शामिल किया जा सकता है। न्यूजीलैंड की टीम स्कॉटलैंड को हराकर सुपर-8 दौर में पहुंच चुकी है लेकिन दक्षिण अफ्रीका के साथ होने वाला ग्रुप मैच उसके लिए एक लिहाज से काफी अहम होगा।
विटोरी ने हालांकि कहा कि स्कॉटलैंड के खिलाफ उनकी टीम की गेंदबाजी काफी खराब रही। बकौल विटोरी, "हम सात ओवर के खेल के दौरान अपनी गेंदों की दिशा और लंबाई पर नियंत्रण नहीं रख सके। हमारे लिए यह अच्छा संकेत नहीं है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाला मैच हमारे लिए हार-जीत के लिहाज से महत्वपूर्ण नहीं है लेकिन ट्वेंटी-20 में जीत का क्रम बनाए रखना बहुत जरूरी है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।