आयरलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट जांसटन ने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर 15 रन के कुल योग पर सलामी बल्लेबाज जुनैद सिद्दीकी (13) को जेरेमी ब्रे के हाथों कैच कराया।
इसके बाद कप्तान मोहम्मद अशरफुल (14) ने तमीम इकबाल (22) के साथ दूसरे विकेट के लिए 25 रन जोड़े लेकिन 40 रन के कुल योग पर जांसटन ने अशरफुल को केविन ओ' ब्रायन के हाथों कैच करा दिया।
बांग्लादेश की टीम अपने कप्तान के आउट होने के झटके से अभी उबर भी नहीं पाई थी कि जांसटन ने सकीबुल हसन (7) को विकेट के पीछे गैरी विल्सन के हाथों कैच आउट करा दिया। उस समय बांग्लादेश का कुल योग 50 रन था।
बांग्लादेश के लिए मुश्किलों का दौर यहीं खत्म नहीं हुआ। 61 रन के कुल योग पर तमीम भी रन आउट होकर पेवेलियन लौट गए। तमीम ने अपनी 28 गेंदों की पारी में दो चौके लगाए।
खबर लिखे जाने तक बांग्लादेश ने 10 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट के नुकसान पर 65 रन बना लिए थे। मोहम्मदुल्लाह सात रन बनाकर खेल रहे थे जबकि रकीबुल हसन एक रन बनाकर उनके साथ अपनी टीम को मुश्किल से निकालने में जुटे थे।
आयरलैंड की टीम अपना पहला मैच खेल रही है जबकि बांग्लादेश की टीम का यह दूसरा मैच है। पहले मैच में उसे भारत के हाथों 25 रनों से हार झेलनी पड़ी थी।
ग्रुप-ए में आयरलैंड और बांग्लादेश के साथ भारत भी है। भारत अपना एक मैच जीतकर तालिका में सबसे ऊपर है। उसका दूसरा मैच 10 जून को आयरलैंड से होना है।
यह मैच जीतकर आयरलैंड की टीम सुपर-8 में पहुंच सकती है। दूसरी ओर, हार की सूरत में बांग्लादेश को बाहर का रास्ता देखना पड़ सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।