मात्र छह रन के कुल योग पर अपना पहला विकेट गंवाने वाली आयरलैंड की टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने का श्रेय केविन ओ' ब्रायन को जाता है। ब्रायन ने मात्र 25 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 40 रनों की बेशकीमती पारी खेली। उन्होंने कप्तान विलियम पोटरफील्ड के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 रन जोड़े।
खबर लिखे जाने तक पोटरफील्ड 25 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 20 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि नए बल्लेबाज गैरी विल्सन ने एक रन बनाए थे।आयरलैंड का पहला सलामी बल्लेबाज जेरेमी ब्रे के रूप में गिरा। ब्रे दो रन बनाकर मशरफे मुर्तजा की गेंद पर रकीबुल हसन के हाथों लपके गए।
इससे पहले, मुर्तजा (नाबाद 33) की तूफानी पारी की बदौलत बांग्लादेश ने आयरलैंड के सामने 138 रनों का लक्ष्य रखा। अपने बल्लेबाजों के गैरजिम्मेदाराना प्रदर्शन से निराश बांग्लादेशी टीम के लिए यह योग भी हासिल करना मुश्किल दिख रहा था लेकिन अंतिम समय में मुर्तजा ने मात्र 16 गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों की मदद से 33 रन बनाकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 137 रन बनाए। उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। आयरलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट जांसटन ने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर 15 रन के कुल योग पर ही सलामी बल्लेबाज जुनैद सिद्दीकी (13) को जेरेमी ब्रे के हाथों कैच कराकर बांग्लादेश को पहला झटका दिया था।
इसके बाद कप्तान मोहम्मद अशरफुल (14) ने तमीम इकबाल (22) के साथ दूसरे विकेट के लिए 25 रन जोड़े लेकिन 40 रन के कुल योग पर जांसटन ने अशरफुल को केविन ओ' ब्रायन के हाथों कैच करा दिया। बांग्लादेश की टीम अपने कप्तान के आउट होने के झटके से अभी उबर भी नहीं पाई थी कि जांसटन ने सकीबुल हसन (7) को विकेट के पीछे गैरी विल्सन के हाथों कैच आउट करा दिया। उस समय बांग्लादेश का कुल योग 50 रन था।
बांग्लादेश के लिए मुश्किलों का दौर यहीं खत्म नहीं हुआ। 61 रन के कुल योग पर तमीम भी रन आउट होकर पेवेलियन लौट गए। तमीम ने अपनी 28 गेंदों की पारी में दो चौके लगाए। तमीम के पेवेलियन लौटने के बाद रकीबुल हसन (13) और मुशफिकुर रहीम (14) ने विकेट पर टिके रहकर अपनी टीम को बड़ा योग देनेका प्रयास किया लेकिन उनका प्रयास बहुत देर तक नहीं चल सका।
आयरलैंड की टीम अपना पहला मैच खेल रही है जबकि बांग्लादेश की टीम का यह दूसरा मैच है। पहले मैच में उसे भारत के हाथों 25 रनों से हार झेलनी पड़ी थी। ग्रुप-ए में आयरलैंड और बांग्लादेश के साथ भारत भी है। भारत अपना एक मैच जीतकर तालिका में सबसे ऊपर है। उसका दूसरा मैच 10 जून को आयरलैंड से होना है। यह मैच जीतकर आयरलैंड की टीम सुपर-8 में पहुंच सकती है। दूसरी ओर, हार की सूरत में बांग्लादेश को बाहर का रास्ता देखना पड़ सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।