नीदरलैंड्स के खिलाफ पीटरसन अनफिट होने की वजह से नहीं खेल पाए थे। परंतु रविवार को मजबूत प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को शिकस्त देने में उन्होंने अहम योगदान दिया। पीटरसन के बल्ले से 38 गेंदों पर 58 रन निकले। उनकी इस पारी में पांच चौके और तीन छक्के शामिल थे।
पीटरसन के साथ ही राइट ने अपने हरफनमौला खेल से इंग्लैंड की जीत को सुनिश्चित किया। राइट ने महज 16 गेंदों पर 34 रन जड़ दिए और शोएब मलिक के रूप में एक अहम विकेट भी अपने नाम किया। उन्हें मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड समूह बी की अंक तालिका में सबसे ऊपर पहुंच गया।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड की टीम ने पीटरसन और राइट की पारियों की बदौलत 20 ओवरों में पांच विकेट पर 185 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम 20 ओवरों में सात विकेट पर 137 रन ही बना सकी। कप्तान यूनुस खान ने सर्वाधिक 46 रनों की नाबाद पारी खेली। अब पाकिस्तान को सुपर-8 में पहुंचने के लिए नीदरलैंड्स को बड़े अंतर से हराना पड़ेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*