उत्तर-पूर्वी ब्राजीली शहर रेकाइफ में पत्रकारों से मुखातिब काका ने कहा, "मैं रियल मेड्रिड से जुड़कर काफी खुश हूं। मैं मानता हूं कि इस टीम में यूरोप और स्पेन में चैंपियन बनने की क्षमता है। मैं इसके साथ इतिहास का हिस्सा बनना चाहता हूं।"
काका के संवाददाता सम्मेलन के कुछ घंटों बाद रियल मेड्रिड के अध्यक्ष फ्लोरेंटीनो पेरेज ने मेड्रिड के एक रेडियो स्टेशन से बातचीत के दौरान कहा कि काका के साथ करार संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
पेरेज ने कहा, "काका को इटली के क्लब एसी मिलान से स्पेन लाने का काम पूरा हो गया है। अब हम कह सकते हैं कि काका रियल मेड्रिड के खिलाड़ी हैं। वह ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें कई क्लब अपने साथ जोड़ना चाहते हैं। काका को हासिल करने के प्रयास के तहत मिलान के साथ हमारा अच्छा संबंध काफी काम आया।"
ऐसा माना जा रहा है कि रियल मेड्रिड ने काका के बदले मिलान को 6.5 करोड़ यूरो दिए हैं। इस करार के बाद काका को टैक्स अदा करने के पश्चात हर साल 90 लाख यूरो की कमाई होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।