तीन अंकों का आंकड़ा पार करने के लिए पाकिस्तान को हालांकि अपने तीन विकेट गंवाने पड़े। उसने अब तक सलामी बल्लेबाज सलमान बट्ट (18), कामरान अकमल (41) और शोएब मलिक (30) के विकेट गंवाए हैं।
अकमल ने अपनी 30 गेंदों की पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए जबकि मलिक ने 28 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके जड़े। बट्ट ने 13 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का जड़ा।
खबर लिखे जाने तक पाकिस्तान ने 15 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट खोकर 115 रन बना लिए थे। कप्तान यूनुस खान 10 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि मिस्बाह-उल-हक ने 13 रन बनाए थे।
सुपर-8 में जगह बनाने के लिए पाकिस्तान को यह मैच किसी भी हाल में कम से कम 25 रनों के अंतर से जीतना होगा। पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड के साथ खेला गया अपना पहला मैच हार चुकी।
नीदरलैंड्स ने टूर्नामेंट के पहले मैच में ही इंग्लैंड को हराकर भारी उलटफेर किया था। इंग्लैंड की टीम ने हालांकि अपने दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर सुपर-8 दौर में जगह पक्की कर ली है लेकिन नीदरलैंड्स के खिलाफ अगर पाकिस्तान नतीजा अपने पक्ष में नहीं कर पाता है तो उसका पत्ता कट जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।