कुमार संगकारा ने 42 गेंद में दो छक्कों और चार चौकों की मदद से नाबाद 55 रन बनाए, जबकि दिलशान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 53 रन जोड़े।
दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़े। इससे पहले अजंथा मेंडिस और लेसिथ मलिंगा की सधी हुई गेंदबाजी से श्रीलंका ने आस्ट्रेलिया को 159 रन के स्कोर पर रोक दिया। श्रीलंका ने एक ओवर शेष रहते चार विकेट पर 160 रन बनाकर मैच जीत लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत हालांकि खराब रही और उसने तीसरे ओवर में ही सनथ जयसूर्या (2) का विकेट गंवा दिया लेकिन बाद में दिलशान और संगकारा ने मैच में जान फूंक दी।
इससे पहले टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी आस्ट्रेलिया की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए थे। आस्ट्रेलिया की भी शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले ओवर में वार्नर के रूप में पहला विकेट गिर गया जो खाता भी नहीं खोल सके।
इसके बाद शेन वाटसन और कप्तान रिकी पोंटिंग ने संभलकर खेलना शुरु किया लेकिन वे मेंडिस की फिरकी के आगे टिक नहीं सके। वाटसन 21 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 22 और पोंटिंग 15 गेंदों में पांच चौेके की मदद से 25 रन बनाकर आउट हो गए। दोनों को ही मेंडिस ने पवेलियन का रास्ता दिखाया।
वहीं हेडिन ने 17 गेंदों में 16 रन बनाए, उन्हें मलिगा ने आउट किया। माइकल क्लार्क 15 गेंदों में 11 रन, डेविड हसी 22 गेंदों में 28, माइक हसी एक रन, ब्रेट ली 15 और हारित्ज चार रन बनाकर आउट हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*