टॉस हारने के बाद श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए। जयसूर्या ने अपनी 81 रनों की बेशकीमती पारी के दौरान 47 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौके और तीन छक्के लगाए।
दूसरी ओर, उनके साथ पारी की शुरुआत करने आए तिलकरत्ने दिलशान ने भी अपने वरिष्ठ साथी के कदम से कदम मिलाते हुए 74 रन बनाए। दिलशान ने 47 गेंदों का सामना कर 11 चौके और एक छक्का जड़ा। दोनों ने पहले विकेट के लिए 124 रन जोड़े।
इन दो बल्लेबाजों के अलावा कोई कोई श्रीलंकाई खिलाड़ी प्रभावित नहीं कर सका। आस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच जिताऊ पारी खेलने वाले कप्तान कुमार संगकारा पांच रन बनाकर पेवेलियन लौटे जबकि पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने सिर्फ चार रन बना सके।
जेहान मुबारक आठ रन बनाकर नाबाद लौटे लेकिन चमारा सिल्वा सात रन बनाकर आउट हो गए। वेस्टइंडीज के नियमित कप्तान क्रिस गेल चोटिल होने के कारण इस मैच में नहीं खेल सके। उनकी जगह टीम में शामिल किए गए लेंडल सिमंस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट अपने नाम किए। जेरोम टेलर को भी एक विकेट मिला।
नतीजे के लिहाज से यह मैच दोनों टीमों के लिए मायने नहीं रखता क्योंकि आस्ट्रेलिया के बाहर होने के बाद दोनों ही टीमें सुपर-8 दौर में पहुंच चुकी हैं। शनिवार को खेले गए पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज ने जहां आस्ट्रेलिया को हराया था वहीं श्रीलंका ने सोमवार को उसे हराकर बाहर का रास्ता दिखाया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*