गेल को आस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए ग्रुप मैच के दौरान मिशेल जानसन की गेंद पर चोट लगी थी। दाएं पैर में लगी इस चोट के कारण गेल बुधवार को श्रीलंका के साथ खेले गए दूसरे ग्रुप मैच में नहीं खेल सके थे, लेकिन भारत के खिलाफ उनके खेलने के आसार बनते दिख रहे हैं।
टीम प्रबंधन जानता है कि गेल के बिना वेस्टइंडीज का बल्लेबाजी क्रम बिल्कुल कमजोर पड़ जाता है लिहाजा उनकी वापसी को लेकर सारे प्रयास किए जा रहे हैं। गेल ने गुरुवार सुबह नेट पर अभ्यास किया लेकिन इस दौरान वह पूरी सावधानी बरतते नजर आए।
बुधवार को न्यूजीलैंड के साथ हुए मुकाबले के दौरान गेल ड्रेसिंग रूम में बैठकर पूरे समय बर्फ की सिंकाई कराते रहे। साथ ही उन्हें फिजियो की देखरेख में कुछ अभ्यास भी किया। फिजियो ने संकेत दिए हैं कि गेल शुक्रवार तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे।
गेल ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए पहले ग्रुप मैच में 88 रनों की तूफानी पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। श्रीलंका के खिलाफ उनकी गैरमौजूदगी में वेस्टइंडीज की टीम हालांकि 15 रनों से हार गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।