गुरुवार को नाटिंघम में खेले गए सुपर-8 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के हाथों मिली सात विकेट की हार के बाद कोलिंगवुड ने कहा कि ग्रीम स्मिथ की टीम ने साबित कर दिया है कि वही खिताब की दावेदार है।
कोलिंगवुड ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा, "दक्षिण अफ्रीकी टीम ने अपने क्षेत्ररक्षण को उस स्तर तक पहुंचा दिया है, जहां उसकी बराबरी करना दूसरी टीमों के लिए आसान नहीं। इसके अलावा उसकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी में भी दम है। इससे साबित होता है कि यह टीम खिताब की प्रबल दावेदार है।"
कोलिंगवुड ने हालांकि यह भी कहा कि उनकी टीम बेशक दक्षिण अफ्रीका से हार गई लेकिन वह अभी खिताबी जीत को लेकर नाउम्मीद नहीं हुई है।
कप्तान ने कहा, "हम अभी भी खिताबी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। इसके लिए हमें आगे के दोनों मैच जीतने होंगे और हम ऐसा करके दिखाएंगे क्योंकि हम जानते हैं कि इसके बिना हमारा सपना अधूरा रह जाएगा।"
इंग्लैंड की टीम को सुपर-8 दौर में भारत और वेस्टइंडीज के साथ अभी दो मैच खेलने हैं। भारत के साथ उसकी भिड़ंत रविवार को लॉर्ड्स में होनी है। इंग्लैंड के लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी है क्योंकि इसमें मिली जीत ही उसे सेमीफाइनल तक पहुंचाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।