श्रीलंका द्वारा रखे गए 151 रनों के लक्ष्य का पीछा करती हुई पाकिस्तानी टीम निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट गंवाकर महज 131 रन ही बना सकी। पाकिस्तान की ओर से कप्तान युनूस खान ने सर्वाधिक 50 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए शोएब मलिक ने 28 और मिस्बाह उल हक ने 21 रनों का योगदान दिया।
श्रीलंका की ओर से तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया और चार ओवरों में मात्र 17 रन देकर उन्होंने पाकिस्तान के 3 खिलाड़ियों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। मुथैया मुरलीथरन ने पाकिस्तान के दो खिलाड़ियों को आउट किया।
इससे पहले, सनत जयसूर्या (26) और तिलकत्ने दिलशान (46) के बीच पहले विकेट के लिए जोड़े गए 81 रनों की बदौलत श्रीलंकाई टीम ने पाकिस्तान के सामने 151 रनों का लक्ष्य रखा।
टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने निर्धारित 20 ओवर की समाप्ति तक सात विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए।
श्रीलंका की ओर से सलामी बल्लेबाज जयसूर्या ने 26 रन बनाए जबकि तिलकरत्ने दिलशान ने 46 रनों का योगदान दिया। जयसूर्या और दिलशान ने पहले विकेट के लिए 9 ओवर में 81 रन जुटाए।
इसके बाद हालांकि श्रीलंका का कोई और बल्लेबाज अपने लय में नहीं दिखा। माहेला जयवर्धने ने 19 और कप्तान कुमार संगकारा ने 15 रनों का योगदान दिया लेकिन बाकी के बल्लेबाज रनों के अकाल से पीड़ित रहे।
श्रीलंका को अपेक्षाकृत कम योग पर रोकने का श्रेय पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाज शाहिद अफरीदी और सईद अजमल को मिलना चाहिए जिन्होंने तेज गेंदबाज उमर गुल के साथ मिलकर रनों की रफ्तार पर लगाम लगा दी। तीनों गेंदबाजों ने दो-दो विकेट लिए।
पिछले बार की उपविजेता पाकिस्तानी टीम शुरुआती चरण में ग्रुप-बी में थी। उसने एक मैच जीता था जबकि एक में उसकी हार हुई थी। दूसरी ओर, श्रीलंकाई टीम ग्रुप-सी में रखी गई थी। उसने इस स्तर पर अपने दोनों मैच जीते थे। इस विश्व कप में दोनों टीमों की यह पहली भिड़ंत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।