लाहौर, 13 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान में राष्ट्रीय क्रिकेट चयन समिति के प्रमुख के पद से इस्तीफा देने वाले अब्दुल कादिर का कहना है कि टीम प्रबंधन के अनावश्यक हस्तक्षेप की वजह से उन्होंने यह कदम उठाया।
स्थानीय समाचार पत्र 'द न्यूज' के मुताबिक पाकिस्तानी टीम के पूर्व स्पिन गेंदबाज कादिर ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि पाक टीम के प्रबंधक यावर सईद, कोच इंतिखाब आलम और सहायक कोच आकिब जावेद सहित पूरा टीम प्रबंधन चयनकर्ताओं के काम में बेवजह दखल देता था।
उन्होंने कहा, "टीम का चयन चयनकर्ताओं का उत्तरदायित्व होता है और कोच या प्रबंधक सिर्फ सलाह दे सकते हैं। चयन प्रक्रिया के दौरान कोच और प्रबंधक का अड़ियल रवैया चयनकर्ताओं के लिए चिंता का सबब था जो हमेशा खिलाड़ियों की प्रतिभा को अहमियत देते थे। "
कादिर ने पाकिस्तानी टीम के कप्तान यूनुस खान की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि चयन पक्रिया के समय यूनुस अपना निर्णय थोपने की कोशिश करते थे और कई बार तो उन्होंने कई नाकाबिल खिलाड़ियों का पक्ष लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।