पोर्टरफील्ड 59 के कुल योग पर मुथैया मुरलीधरन की गेंद पर कुमार संगकारा के हाथों लपके गए। पोर्टरफील्ड ने 29 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौकों की मदद से 31 रन बनाए।
आयरलैंड ने खबर लिखे जाने तक 13 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 75 रन बना लिए थे। नील ओ ब्रायन ने 33 गेंदों पर चार चौको की मदद से 29 रन बनाए थे जबकि एंड्रय व्हाइट 10 रन बनाकर खेल रहे थे।
इससे पहले, पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने (78) और सलामी बल्लेबाज सनत जयसूर्या (27) की साहसिक पारियों की बदौलत श्रीलंका ने आयरलैंड के सामने 145 रनों का लक्ष्य रखा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 144 रन बनाए। जयवर्धने ने अपनी 53 गेंदों की पारी के दौरान नौ चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने जयसूर्या के साथ तीसरे विकेट के लिए 67 रनों की बहुमूल्य साझेदारी निभाई।
इसके अलावा श्रीलंका का कोई और बल्लेबाज अपनी प्रतिभा के साथ न्याय नहीं कर सका। बेहतरीन फार्म में चल रहे तिलकरत्ने दिलशान (0) पर ही चलते बने जबकि कप्तान कुमार संगकारा तीन रन बना सके।
अपने पहले सुपर-8 मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 83 रनों की हार झेलने वाली आयरलैंड की टीम ने शक्तिशाली श्रीलंका के सामने शानदार गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण किया।
आयरलैंड की ओर से एलेक्स कुसैक ने 18 रन देकर चार विकेट लिए जबकि कइल मैक्लन और बोएड रैंकिन ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। ट्रेंट जांसटन को भी एक सफलता मिली।
श्रीलंका की टीम ने सुपर-8 दौर के मुकाबलों के लिए तैयार ग्रुप-एफ में एक मैच खेला है। उसने पाकिस्तान को 19 रनों से हराया था जबकि आयरलैंड को अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड के हाथों 83 रनों से हार मिली थी।
इस मैच को जीतकर श्रीलंकाई टीम दो जीत के साथ सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। ग्रुप-ई से दक्षिण अफ्रीकी टीम चार अंकों के साथ सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। दक्षिण अफ्रीका ने सुपर-8 मैच में शनिवार को वेस्टइंडीज को हराया जबकि इससे पहले उसने इंग्लैंड को हराया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।