ब्रिटेन के समाचार पत्र 'डेली मिरर' के मुताबिक विटोरी ने इस संबंध में मैच रेफरी रंजन मधुगले के सामने शिकायत करते हुए जांच का अनुरोध किया लेकिन मधुगले ने फिलहाल विटोरी के अनुरोध को नकार दिया है। मधुगले ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई तथ्य नहीं मिला है।
विटोरी ने मैच के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा था कि वह गुल के स्पेल से प्रभावित हैं लेकिन उन्हें इस बात की हैरानी है कि आखिर एक गेंदबाज मात्र 12 ओवरों के बाद ही गेंद को रिवर्स स्विंग कैसे करा सकता है।
गुल ने उस मैच में छह रन देकर न्यूजीलैंड के पांच बल्लेबाजों को पेवेलियन लौटाया था। खास बात यह है कि गुल 13वें ओवर में गेंदबाजी के लिए आए थे और अपने तीन ओवर के स्पेल में ही उन्होंने पांचों विकेट अपनी झोली में डाले।
पाकिस्तानी टीम के कप्तान यूनुस खान ने विटोरी की शंका को निराधार बताया है। उन्होंने कहा, "गुल का एक्शन रिवर्स स्विंग के लिए उपयुक्त है। साथ ही उनकी गेंदों में तेजी भी है। कुल मिलाकर उनमें रिवर्स स्विंग कराने की क्षमता है और उन्होंने इसे पहले भी कई बार साबित किया है। इसे लेकर सवाल उठाया जाना निराधार है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।