आमिर ने 13 रन के कुल योग पर नील ओ ब्रायन को अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। नील ने सात रन बनाए। खबर लिखे जाने तक आयरलैंड ने पांच ओवर में एक विकेट खोकर 30 रन बना लिए थे। कप्तान विलियम पोर्टरफील्ड 10 और पी. स्टरलिंग नौ रन बनाकर खेल रहे थे।
इससे पहले, विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल (57) की शानदार पारी की बदौलत पाकिस्तान ने आयरलैंड के सामने 160 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।
टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति पर पांच विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए।
अकमल ने अपनी 57 रनों की पारी के दौरान 51 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके तथा एक छक्का लगाया। इसके अलावा शाहजैब हुसैन ने 23, शाहिद अफरीदी ने 24 और मिस्बाह उल हक ने 20 रनों का योगदान दिया। अब्दुर रज्जाक 15 रन बनाकर नाबाद लौटे।
अकमल के साथ पहले विकेट के लिए 38 रन जोड़ने वाले शाहजैब ने अपनी 19 गेंदों की पारी के दौरान तीन चौके तथा एक छक्का जड़ा जबकि अफरीदी ने मात्र 13 गेंदों पर तीन चौके लगाए। कप्तान यूनुस खान 10 रन बनाकर आउट हुए।
मिस्बाह ने अपनी 14 गेंदों की पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया जबकि लंबे समय बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में लौटे रज्जाक ने नौ गेंदों का सामना कर एक छक्का लगाया। शोएब मलिक भी चार रन बनाकर नाबाद लौटे।
आयरलैंड की टीम अपने दो सुपर-8 मैच हार चुकी है जबकि पाकिस्तान ने एक मैच जीता है और एक में उसकी हार हुई है। आयरलैंड को श्रीलंका और न्यूजीलैंड के हाथों हार मिली है जबकि पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को हराया था जबकि श्रीलंका के हाथों उसकी हार हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।