ब्रिटेन के समाचार पत्र 'डेली मिरर' के मुताबिक यूनुस ने न्यूजीलैंड के कप्तान डेनियर विटोरी की उस आशंका को निराधार करार दिया है, जिसमें उन्होंने गुल के स्पेल के दौरान गेंद के साथ छेड़छाड़ की आशंका जताई थी।
विटोरी ने इस संबंध में मैच रेफरी रंजन मदुगले के सामने शिकायत कर जांच की मांग की थी लेकिन मदुगले ने यह कहते हुए विटोरी के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था कि उन्हें इस संबंध में कोई तथ्य नहीं मिला है।
यूनुस खान ने कहा, "गुल का एक्शन रिवर्स स्विंग के लिए उपयुक्त है। साथ ही उनकी गेंदों में तेजी भी है। कुल मिलाकर उनमें रिवर्स स्विंग कराने की क्षमता है और उन्होंने इसे पहले भी कई बार साबित किया है। इसे लेकर सवाल उठाया जाना निराधार है।"
गुल ने उस मैच में छह रन देकर न्यूजीलैंड के पांच बल्लेबाजों को पेवेलियन लौटाया था। खास बात यह है कि गुल 13वें ओवर में गेंदबाजी के लिए आए थे और अपने तीन ओवर के स्पेल में ही उन्होंने पांचों विकेट अपनी झोली में डाले।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।