खबर लिखे जाने तक श्रीलंका ने 10 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट के नुकसान पर 80 रन बना लिए थे। तिलकरत्ने दिलशान 32 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 45 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि कप्तान कुमार संगकारा ने 18 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 20 रन बनाए थे। दोनों खिलाड़ी तीसरे विकेट के लिए 55 रन जोड़ चुके हैं।
श्रीलंका ने तीन रन के कुल योग पर अपना पहला विकेट गंवाया था । सलामी बल्लेबाज सनत जयसूर्या खाता खोले बगैर पेवेलियन लौट गए थे। उन्हें नेथन मैक्लम ने रॉस टेलर के हाथों कैच कराया।
कुल योग में अभी 22 रन ही जुड़े थे कि कइल मिल्स ने चमारा सिल्वा (11) को भी चलता कर दिया। मिल्स की गेंद पर जैकब ओरम ने चमारा सिल्वा का कैच लपका। उन्होंने नौ गेंदों का सामना करते हुए दो चौके लगाए।
सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए श्रीलंकाई टीम के लिए यह मैच जीतना अनिवार्य है। वह बेशक इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है लेकिन इस मैच में मिली हार उसके सपनों को नेस्तनाबूद कर देगी।
दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की टीम हर हाल में यह मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंचना चाहेगी। इस ग्रुप से पाकिस्तानी टीम चार अंकों के साथ सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर चुकी है।
पाकिस्तान और श्रीलंका के चार-चार अंक हैं लेकिन रन रेट के मामले में पाकिस्तानी टीम श्रीलंका से आगे है। श्रीलंका को जीत से कम कुछ मंजूर नहीं लेकिन अगर बारिश आती है और मैच रद्द किया जाता है तब एक अंक पाकर उसका अंतिम चार में पहुंचना तय हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।