खबर लिखे जाने तक श्रीलंका ने 15 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट के नुकसान पर 109 रन बना लिए थे। कप्तान कुमार संगकारा ने 27 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 27 रन बनाए थे जबकि पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने 16 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 16 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे।
श्रीलंका को तीसरा झटका तिलकरत्ने दिलशान के रूप में लगा। दिलशान 87 रन के कुल योग पर 37 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 48 रन बनाकर डेनियल विटोरी की गेंद पर विकेट के पीछे ब्रेंडन मैक्लम के हाथों लपके गए। दिलशान ने संगकारा के साथ तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़े।
श्रीलंका ने तीन रन के कुल योग पर अपना पहला विकेट गंवाया था । सलामी बल्लेबाज सनत जयसूर्या खाता खोले बगैर पेवेलियन लौट गए थे। उन्हें नेथन मैक्लम ने रॉस टेलर के हाथों कैच कराया।
कुल योग में अभी 22 रन ही जुड़े थे कि कइल मिल्स ने चमारा सिल्वा (11) को भी चलता कर दिया। मिल्स की गेंद पर जैकब ओरम ने चमारा सिल्वा का कैच लपका। उन्होंने नौ गेंदों का सामना करते हुए दो चौके लगाए।
सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए श्रीलंकाई टीम के लिए यह मैच जीतना अनिवार्य है। वह बेशक इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है लेकिन इस मैच में मिली हार उसके सपनों को नेस्तनाबूद कर देगी।
दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की टीम हर हाल में यह मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंचना चाहेगी। इस ग्रुप से पाकिस्तानी टीम चार अंकों के साथ सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर चुकी है।
पाकिस्तान और श्रीलंका के चार-चार अंक हैं लेकिन रन रेट के मामले में पाकिस्तानी टीम श्रीलंका से आगे है। श्रीलंका को जीत से कम कुछ मंजूर नहीं लेकिन अगर बारिश आती है और मैच रद्द किया जाता है तब एक अंक पाकर उसका अंतिम चार में पहुंचना तय हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।