दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका की टीमें इस विश्व कप में अजेय रही हैं। दोनों टीमों ने ग्रुप स्तर के अपने दोनों मैचों को जीतने के साथ-साथ सुपर-8 दौर के तीनों मैच भी जीते हैं। पाकिस्तान तथा वेस्टइंडीज ने ग्रुप स्तर में एक-एक जीत हासिल की थी जबकि सुपर-आठ दौर में इन टीमों को दो-दो जीत हासिल हुई है।
ग्रुप स्तर में दक्षिण अफ्रीका ने जहां न्यूजीलैंड और स्कॉटलैंड को हराया था वहीं सुपर-आठ में उसने वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और भारत को पराजित किया। पाकिस्तान ने ग्रुप स्तर में नीदरलैंड्स को हराया था जबकि इंग्लैंड के खिलाफ उसे हार मिली थी। सुपर आठ में पाकिस्तान ने आयरलैंड और न्यूजीलैंड को हराया है जबकि श्रीलंका के खिलाफ उसे हार मिली है।
वेस्टइंडीज का सफर भी पाकिस्तान की तरह उतार-चढ़ाव भरा रहा है। ग्रुप स्तर में उसने आस्ट्रेलिया को हराया था जबकि श्रीलंका के खिलाफ उसे हार मिली थी। सुपर आठ में वेस्टइंडीज ने कुछ चौंकाने वाले नतीजे देते हुए भारत और इंग्लैंड को हराया जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसे हार मिली।
दक्षिण अफ्रीका की तरह श्रीलंका की टीम भी अजेय रही है। ग्रुप स्तर में उसने आस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज को हराया था जबकि सुपर-आठ में उसने आयरलैंड, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को हराया।
सुपर-आठ दौर से बाहर होने वाली टीमें भारत, आयरलैंड, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड रहीं। ग्रुप स्तर से स्कॉटलैंड, आस्ट्रेलिया, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स की टीमें बाहर हुई थीं। भारत ने टूर्नामेंट के पहले संस्करण का खिताब जीता था जबकि पाकिस्तान उपविजेता रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।