एकल में हालांकि भारत की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी सानिया मिर्जा अपनी दावेदारी पेश करेंगी लेकिन मौजूदा फार्म और पिछले रिकार्ड को देखते हुए सानिया से खिताब की आशा करना बेमानी होगी।
सानिया एकल में अपने अभियान की शुरुआत जर्मनी की खिलाड़ी एना लेना ग्रोएनफील्ड से भिड़ने के साथ करेंगी। सानिया को यह मैच जीतने में कठिनाई नहीं होनी चाहिए क्योंकि ग्रोएनफील्ड के खिलाफ उनका रिकार्ड 2-0 का रहा है।
युगल में सानिया चीनी ताइपे की खिलाड़ी चिया जुंग चुआंग के साथ खेल रही हैं और इस क्रम में उनकी भिड़ंत अमेरिका की जिस क्रेबास और कार्ली गुलिक्सन से होगी। सानिया-चुआंग को 15वीं वरीयता मिली है।
फ्रेंच ओपन का युगल खिताब जीतने वाले दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस अपने चेक गणराज्य के जोड़ीदार लुकास डुल्ही के साथ एक बार फिर खिताबी जीत की उम्मीद करेंगे।
इस खिताब के साथ पेस अपना 10वां ग्रैंड स्लैम खिताब पूरा करना चाहेंगे। पेस और डुल्ही की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी पहले दौर में अमेरिका के जेम्स ब्लैक और मार्डी फिश से भिड़ेगी।
युगल में भारत के महेश भूपति और सोमदेव देवबर्मन भी अपनी दावेदारी पेश करेंगे। सोमदेव ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि उनके करियर के पहले ग्रैंड स्लैम के पहले मुकाबले में ही उनकी भिड़ंत उनके प्रेरणास्रोत रहे भूपति के साथ होगी।
सोमदेव और उनके जोड़ीदार दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन युगल मुकाबलों के पहले दौर में भूपति और उनके जोड़ीदार बहामास के मार्क नोल्स के सामने होंगे। भूपति-नोल्स को चौथी वरीयता दी गई है।
सोमदेव-एंडरसन ने क्वालीफाईंग मुकाबलों के माध्यम से साल के तीसरे ग्रैंड स्लैम में खेलने की योग्यता हासिल की है। क्वालीफाईंग दौर में सोमदेव और एंडरसन ने इटली के एल्सांड्रो मोत्ती और आस्ट्रेलिया के जोसफ सिरियानी को हराया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।