यूसुफ को जुलाई में श्रीलंका के साथ खेली जाने वाली टेस्ट श्रृंखला के लिए 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। आईसीएल से नाता तोड़ चुके हरफनमौला खिलाड़ी अब्दुल रज्जाक को भी इस टीम में जगह मिली है।
यूसुफ ने 2007 में आईसीएल से नाता जोड़ा था लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड उन्हें एक महीने के भीतर आईसीएल से वापस लाने में कामयाब रहा था। कानूनी अड़चनों के कारण यूसुफ को नवंबर 2008 में एक बार फिर आईसीएल से जुड़ना पड़ा था। इसके बाद यूसुफ लगातार राष्ट्रीय टीम में वापसी का प्रयास कर रहे थे।
रज्जाक आईसीएल के लिए खेलने वाले पहले ऐसे पाकिस्तानी खिलाड़ी हैं, जिन्हें अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर वापसी का मौका मिला। रज्जाक को ट्वेंटी-20 विश्व कप में खेलने का मौका मिला और उन्होंने शानदार वापसी करते हुए पाकिस्तान की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई।
यूनुस खान की कप्तानी में चुनी गई इस टीम में मोहम्मद आमेर को भी जगह दी गई है। आमेर को बांग्लादेश दौरे के लिए भी टीम में जगह मिली थी लेकिन दौरा रद्द होने के कारण आमेर पाकिस्तान के लिए नहीं खेल सके थे। इसके बाद आमेर को ट्वेंटी-20 विश्व कप में खेलने का मौका मिला, जहां उन्होंने अपनी गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया।
टीम में सीनियर स्पिनर दानिश कनेरिया के साथ-साथ सईद अजमल को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा दो टेस्ट मैच खेल चुके सलामी बल्लेबाज खुर्रम मंजूर को भी टीम में जगह मिली है। मंजूर को बांग्लादेश दौरे के लिए टीम में जगह नहीं मिली थी।
श्रीलंका में पाकिस्तानी टीम को तीन टेस्ट, पांच एकदिवसीय और एक ट्वेंटी-20 मैच खेलना है। श्रृंखला की शुरुआत कोलंबो में 29 जून से होने वाले तीन दिवसीय अभ्यास मैच के साथ होगा।
पाकिस्तानी टीम इस प्रकार है : यूनुस खान, सलमान बट्ट, खुर्रम मंजूर, मोहम्मद यूसुफ, मिस्बाह उल हक, शोएब मलिक, कामरान अकमल, उमर गुल, सईद अजमल, मोहम्मद आमेर, दानिश कनेरिया, अब्दुल रज्जाक, अब्दुर रउफ, फाऊद आलम और फैजल इकबाल।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।