इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए सायना को दूसरी वरीयता मिली है। पहले दौर में सायना की भिड़ंत थाईलैंड की पोर्नटिप बुर्नाप्रसाटेसुस्के से होगी। फ्रांस की खिलाड़ी पी हूंगयान को इस टूर्नामेंट के लिए महिला वर्ग में सर्वोच्च वरीयता मिली है।
सायना ने अपने करियर का पहला सुपर सीरीज खिताब जीतने के लिए रविवार को विश्व की तीसरी वरीयता प्राप्त चीन की लिन वांग को 12-21, 21-18, 21-9 से पराजित किया था। सायना यह खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी हैं।
सायना की जीत को भारतीय बैडमिंटन जगत की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जा सकता है। प्रकाश पादुकोण और सायना के कोच पुलेला गोपीचंद ने ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप जीतकर देश का नाम रोशन किया था लेकिन 19 साल की सायना ने उसी के बराबर प्रतिष्ठित एक और खिताब जीतकर एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है।
भारत की एक अन्य महिला खिलाड़ी अदिति मुतातकर पहले दौर में सिंगापुर की मिंगतियान फू से भिड़ेंगी। पुरुष वर्ग में भारत के सर्वोच्च वरीय खिलाड़ी चेतन आनंद को तीसरी वरीयता मिली है। वह पहले दौर में मलेशिया के जियाउद्दीन इस्कांदर से भिड़ेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।