फ्लिंटॉफ ने डर्बीशायर के खिलाफ खेले गए ट्वेंटी-20 मुकाबले में लंकाशायर के लिए 41 गेंदों पर ताबड़तोड़ 93 रन बनाए। फ्लिंटॉफ की तूफानी पारी की बदौलत लंकाशायर ने पांच विकेट पर 220 रन बनाए।
गेंदबाजी करते हुए भी फ्लिंटॉफ ने अपनी फिटनेस का परिचय देते हुए दो विकेट झटके। उनके हरफनमौला खेल की बदौलत लंकाशायर यह मैच 56 रनों से जीतने में सफल रहा।
फ्लिंटॉफ जब बल्लेबाजी के लिए आए थे, तब लंकाशायर 70 रन पर तीन विकेट गंवा चुका था। फ्लिंटॉफ ने आते ही तूफानी शुरुआत की और अपनी पारी के दौरान नौ चौके और छह छक्के लगाए। फ्लिंटॉफ ने अपना अर्धशतक मात्र 24 गेंदों में पूरा किया।
इस मैच में भारत के कलात्मक बल्लेबाज वी.वी.एस. लक्ष्मण ने भी 63 रनों की उपयोगी पारी खेली। लक्ष्मण ने फ्लिंटॉफ के साथ 10 ओवर में 99 रन जोड़े।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।