वेबसाइट क्रिकइंफो डॉट कॉम के मुताबिक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस श्रृंखला के लिए शनिवार को हरी झंडी दे दी। इस श्रृंखला में कुल चार मैंच होंगे। तीनों टीमें एक दूसरे से एक-एक बार भिड़ेंगी और सर्वश्रेष्ठ दो टीमें फाइनल में खेलेंगी।
श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) का कहना है कि यह भारत और न्यूजीलैंड के अधिकारियों से पिछले दिनों लार्ड्स में संपन्न हुई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की बैठक में हुई चर्चा का नतीजा है।
श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के सचिव निशांथा रणतुंगा ने कहा, "बीसीसीआई के अध्यक्ष शशांक मनोहर और सचिव एन. श्रीनिवासन तथा न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जस्टिन वॉन के साथ चर्चा में यह सहमति बनी थी। भारत का इस श्रृंखला को लेकर सहमत हो जाना स्वागत योग्य कदम है।"
उल्लेखनीय है कि न्यूजीलैंड की टीम दो टेस्ट, दो ट्वेंटी-20 और दो एकदिवसीय मैचे खेलने के लिए अगस्त के मध्य में श्रीलंका के दौरे पर आ रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।