वेबसाइट 'न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' के मुताबिक वॉन को 8 जुलाई से खेली जाने वाली एशेज श्रृंखला के लिए राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं दी गई है। यही कारण है कि वह अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर को विराम देने का फैसला कर सकते हैं।
वॉन की कप्तानी में ही इंग्लैंड ने 20 साल बाद 2005 में एशेज पर कब्जा किया था। इसके लिए उन्हें 'ऑर्डर ऑफ ब्रिटिश एंपायर' से नवाजा गया था।
वेबसाइट के मुताबिक, "इंग्लैंड को एशेज श्रृंखला जिताने वाले इस पूर्व कप्तान ने स्वीकार किया है कि वह अब अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देगा। संभवत: इसी सप्ताह में वह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर सकते हैं जबकि सितम्बर महीने में वह क्रिकेट से पूरी तरह अलग हो सकते हैं।"
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टीव हारमिसन ने कहा, "वॉन यदि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की सोच रहे हैं तो मैं उनका यह निर्णय समझ सकता हूं। जिस दिन वह संन्यास लेंगे वह दिन हमारे लिए बड़ा दुखद होगा।"
वर्ष 2003 में नासिर हुसैन से कप्तानी हासिल करने वाले वॉन ने इंग्लैंड के लिए 82 टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने 51 मैचों में अपनी टीम का नेतृत्व किया है और उन्हें इंग्लैंड के सबसे सफल कप्तानों में एक माना जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।