ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द सन' के मुताबिक हाल ही में आस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिनर शेन वार्न और इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ज्यौफ्री बायकॉट ने पनेसर के बारे में जो बयान दिया था, उससे स्ट्रास पर कोई फर्क नहीं पड़ा है।
वार्न और बायकॉट ने कहा था कि एशेज के दौरान पनेसर इंग्लैंड टीम की अपेक्षाओं के बोझ को नहीं ढो पाएंगे। दो दिग्गजों के इन बयानों के बावजूद स्ट्रास ने पनेसर को एशेज श्रृंखला के लिए टीम में शामिल करने का फैसला किया है क्योंकि उनका मानना है कि पनेसर ने इससे पहले भी खुद को साबित किया है और एशेज के दौरान भी साबित करेंगे।
एशेज का पहला टेस्ट आठ जुलाई से कार्डिफ में खेला जाना है। ठीक इससे पहले खेले जाने वाले चार दिवसीय अभ्यास मैच के लिए पनेसर को अंतिम-11 में शामिल किया गया है। इससे यह संकेत मिलता है कि कार्डिफ में पनेसर एक अन्य स्पिन गेंदबाज ग्रीम स्वान के साथ आक्रमण की कमान संभालेंगे।
स्ट्रास ने कहा, "पनेसर को कमतर आंकने वाले भूल कर रहे हैं। मैं ऐसा नहीं कर सकता क्योंकि मेरी नजर में वह एक स्तरीय स्पिनर हैं। इंग्लैंड का रिकार्ड देखने पर पता चलता है कि पनेसर हर तरह के माहौल में टीम के लिए उपयोगी साबित हुए हैं। यही कारण है कि मैंने उन पर भरोसा जताने का फैसला कर लिया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।