भारतीय टीम ने मात्र सात रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे लेकिन युवराज और धौनी ने चौथे विकेट के लिए 41 रन जोड़कर स्थिति को सुधारनी शुरू कर दी है।
खबर लिखे जाने तक भारत ने 10 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 48 रन बना लिए थे। पहले मैच में शानदार शतक लगाने वाले युवराज सिंह 28 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 32 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि कप्तान धौनी ने 23 गेंदों पर एक चौके की मदद से नौ रन बनाए थे।
भारत को पहला झटका पहले मैच में शानदार अर्धशतक लगाने वाले सलामी बल्लेबाज दिनेश कार्तिक के रूप में लगा था। कार्तिक चार रन बनाने के बाद जेरोम टेवर की गेंद पर दिनेश रामदीन के हाथों विकेट के पीछे लपके गए। उस समय कुल योग चार रन था।
कुल योग में अभी दो रन ही जुड़े थे कि दूसरे विकेट के रूप में गौतम गंभीर भी पेवेलियन लौट गए। उन्हें रवि रामपाल ने रामदीन के हाथों कैच कराया। पहले मैच में मात्र 13 रन बनाने वाले गंभीर खाता भी नहीं खोल सके।
रामपाल ने मैच के दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर रोहित शर्मा (0) को भी पेवेलियन लौटाकर भारत को तीसरा झटका दिया। रोहित का कैच रुनाको मोर्टन ने लपका। यह विकेट सात रन के कुल योग पर गिरा।
दोनों टीमें चार मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला खेल रही हैं। शुक्रवार को इसी मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में 20 रनों के अंतर से जीत हासिल कर भारत 1-0 की बढ़त हासिल कर चुका है।
श्रृंखला का तीसरा मैच तीन जुलाई को सेंट लूसिया में और चौथा मैच भी इसी मैदान पर पांच जुलाई को खेला जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।