भारतीय टीम ने मात्र सात रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे लेकिन युवराज ने 35 रन जोड़कर स्थिति में कुछ सुधार किया।
खबर लिखे जाने तक भारत ने 40 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 144 रन बना लिए थे। पहले मैच में शानदार शतक लगाने वाले युवराज सिंह 33 गेंदों पर 35 रन बनाकर आउट हुए।
भारत को पहला झटका पहले मैच में शानदार अर्धशतक लगाने वाले सलामी बल्लेबाज दिनेश कार्तिक के रूप में लगा था। कार्तिक चार रन बनाने के बाद जेरोम टेवर की गेंद पर दिनेश रामदीन के हाथों विकेट के पीछे लपके गए। उस समय कुल योग चार रन था।
कुल योग में अभी दो रन ही जुड़े थे कि दूसरे विकेट के रूप में गौतम गंभीर भी पेवेलियन लौट गए। उन्हें रवि रामपाल ने रामदीन के हाथों कैच कराया। पहले मैच में मात्र 13 रन बनाने वाले गंभीर खाता भी नहीं खोल सके।
रामपाल ने मैच के दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर रोहित शर्मा (0) को भी पेवेलियन लौटाकर भारत को तीसरा झटका दिया। रोहित का कैच रुनाको मोर्टन ने लपका। यह विकेट सात रन के कुल योग पर गिरा।
युवराज सिंह ने धौनी के साथ पारी को संवारना आरंभ किया। परंतु वह भी आज अधिक देर टिक नहीं सके और 12वें ओवर में टेलर की गेंद पर रामदीन को कैच दे बैठे। यूसुफ पठान भी बिना खाता खोले ब्रावो की गेंद पर क्रिस गेल के हाथों लपके गए। रविंद्र जडेजा भी नहीं चले और सात रन बनाकर रामपाल की गेंद पर रामदीन को कैच दे बैठ।
हरभजन सिंह ने सात रन बनाए। उन्हें ब्रावो की गेंद पर रामदीन ने लपका। प्रवीण कुमार भी एक रन बनाकर रामपाल की गेंद पर गेल को कैच दे बैठे।
दोनों टीमें चार मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला खेल रही हैं। शुक्रवार को इसी मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने 20 रनों के अंतर से जीत हासिल की थी।
श्रृंखला का तीसरा मैच तीन जुलाई को सेंट लूसिया में और चौथा मैच भी इसी मैदान पर पांच जुलाई को खेला जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।