भूपति की जोड़ीदार भारत की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी सानिया मिर्जा हैं जबकि पेस जिंबाब्वे की कारा ब्लैक के साथ अपनी दावेदारी पेश करेंगे। भूपति और पेस ने 1999 में साथ खेलते हुए विंबलडन का पुरुषों का युगल खिताब जीता था।
भूपति और सानिया ने शनिवार को खेले गए दूसरे दौर के मुकाबले में जहां ब्रिटेन के कोलिन फ्लेमिंग और सारा बोरवेल की जोड़ी को 7-6 (4), 6-4 से हराया वहीं पेस और ब्लैक ने वॉकओवर के सहारे तीसरे दौर में प्रवेश किया। पहले दौर में पेस-ब्लैक को बाई मिला था।
पेस-भूपति ने 1999 में विंबलडन का पुरुषों का युगल खिताब जीता था लेकिन उसके बाद से दोनों इस खिताब पर कभी कब्जा नहीं कर सके। दोनों ने हालांकि अपनी महिला जोड़ीदारों के साथ दो-दो बार मिश्रित युगल खिताब पर कब्जा किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।