कराची, 29 जून (आईएएनएस)। कप्तानी से हटाए जाने के छह महीने बाद वरिष्ठ हरफनमौला खिलाड़ी शोएब मलिक पाकिस्तान की टेस्ट टीम में स्थान पक्का करने के लिए संघर्ष करते दिख रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तानी टीम प्रबंधन मलिक को अंतिम ग्यारह खिलाड़ियों की सूची में रखने को लेकर भारी मुश्किलों का सामना कर रहा है। यही कारण है कि मलिक को श्रीलंका के साथ 4 जुलाई से खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच में बतौर सलामी बल्लेबाज आजमाने पर विचार चल रहा है।
वरिष्ठ बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ की वापसी से मलिक की मुश्किलें बढ़ी हैं। यही कारण है कि मलिक मध्यक्रम में अब स्थान नहीं बना पा रहे हैं।
टीम प्रबंधन ने मलिक के सामने सलमान बट्ट के साथ पारी की शुरुआत करने का प्रस्ताव रखने का मन बना लिया है। मलिक ने इससे पहले भी पाकिस्तान के लिए टेस्ट मैचों में पारी की शुरुआत की है और शीर्ष क्रम पर खेलते हुए श्रीलंका में उनका रिकार्ड अच्छा है।
इसके अलावा टीम प्रबंधन युवा गेंदबाज मोहम्मद आमेर और ऑफ स्पिनर सईद अजमल को मौका देने का फैसला कर चुका है। इन दोनों खिलाड़ियों ने हाल ही में इंग्लैंड में आयोजित ट्वेंटी-20 विश्व कप में सराहनीय प्रदर्शन किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।