बीसीसीआई की कार्यक्रम निर्धारण समिति ने बुधवार को बैठकर 2009-10 सत्र से जुड़े कई अन्य अहम फैसले किए। बीसीसीआई के मुताबिक सात आयोजन स्थलों में गुवाहाटी, मुंबई, जयपुर, हैदराबाद, दिल्ली, मोहाली और नागपुर शामिल हैं। श्रंखला का आयोजन 25 अक्टूबर से 11 नवंबर के बीच होना है।
बीसीसीआई ने कहा है कि श्रृंखला का कार्यक्रम सुरक्षा और अन्य मसलों पर विचार करने के बाद कर लिया जाएगा। इसके अलावा श्रीलंका में होने वाली त्रिकोणीय श्रृंखला का कार्यक्रम अगस्त में होने वाली बैठक के दौरान किया जाएगा।
कार्यक्रम निर्धारण समिति ने फैसला किया है कि दिलीप ट्रॉफी का आयोजन नॉक-आउट आधार पर किया जाएगा जबकि अंतर-राज्यीय ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट का नाम मुश्ताकअली टी-20 ट्रॉफी रखा गया है।
समिति की ओर से महिला क्रिकेटरों को कोई खुशखबरी सुनने को नहीं मिली। इसका कारण यह है कि 2009-10 सत्र में महिला क्रिकेटरों को एक भी टेस्ट नहीं खेलने को मिलेगा। उन्हें सिर्फ एकदिवसीय और ट्वेंटी-20 क्रिकेट पर ही ध्यान लगाना होगा।
जूनियर स्तर पर सी.के. नायडू (अंडर-22) और कूच बिहार ट्रॉफी (अंडर-19) का आयोजन इलीट और प्लेट फॉरमेट के आधार पर होगा। इसके मैच 'घर और बाहर' आधार पर खेले जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।