कराची, 1 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने श्रीलंका में अपने खिलाड़ियों को मिली सुरक्षा को लेकर संतोष जाहिर किया है। पीसीबी अध्यक्ष एजाज बट्ट ने कहा कि वह सुरक्षा इंतजामों से व्यक्तिगत तौर पर संतुष्ट हैं।
बट्ट ने कहा कि टीम प्रबंधक ने उन्हें सुरक्षा इंतजामों को लेकर सकारात्मक रिपोर्ट दी है। प्रबंधक ने बताया है कि 45 दिवसीय दौरे के लिए श्रीलंका सरकार ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों की सुरक्षा को अव्वल वरीयता दी है।
बट्ट ने हालांकि यह भी कहा कि वह जब पहला टेस्ट मैच देखने श्रीलंका जाएंगे, तब इस बात पर खुद भी गौर करना चाहेंगे। पहला टेस्ट मैच चार जुलाई से गॉल में खेला जाना है।
पाकिस्तानी टीम को श्रीलंका में तीन टेस्ट, पांच एकदिवसीय और एक ट्वेंटी-20 मैच खेलना है।
श्रीलंका अधिकारियों ने खिलाड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर आयोजन स्थलों के अंदर और बाहर कुछ नई पाबंदियां लगाने की घोषणा की है।
इन पाबंदियों के तहत मैदान के अंदर पटाखे, वाद्ययंत्र, शीशे की बोतल, टिन से बने कैन, नुकीली वस्तुएं, लेजर प्वाइंटर और शीशे लाने पर प्रतिबंध होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।