श्रीलंका को मिली 68 रनों की बढ़त (लीड-4)
श्रीलंका का पहला विकेट सलामी बल्लेबाज मलिंडा वर्नपुरा के रूप में गिरा। वर्नपुरा 17 गेंदों पर एक चौके की मदद से 11 रन बनाकर तेज गेंदबाज उमर गुल की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिए गए। वर्नपुरा का विकेट 28 रन के कुल योग पर गिरा।
इसके बाद थरंगा पारानाविताना (26) और कप्तान कुमार संगकारा ने पारी को संवारते हुए कुल योग को 82 रनों तक पहुंचाया लेकिन इसी योग पर सईद अजमल ने पारानाविताना को कामरान अकमल के हाथों कैच करा दिया। पारानाविताना ने 68 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके लगाए।
श्रीलंका को तीसरा झटका पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने (19) के रूप में लगा। जयवर्धने ने 53 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके लगाए। उनका विकेट 133 रन के कुल योग पर गिरा। उन्हें अजमल ने खुर्रम मंजूर के हाथों कैच कराया।
खबर लिखे जाने तक संगकारा ने 120 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 75 रन बनाए थे जबकि थिलन समरवीरा 29 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 13 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे।
इससे पहले, नुवान कुलसेकरा, अजंता मेंडिस और थिलन तुषारा की घातक गेंदबाजी के आगे पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए। पाकिस्तान की पूरी टीम 36 ओवरों में सिर्फ 90 रनों पर सिमट गई।
पाकिस्तान के लिए पूर्व कप्तान शोएब मलिक ने सर्वाधिक 39 रन बनाए। मलिक ने अपनी 88 गेंदों की नाबाद पारी के दौरान पांच चौके लगाए।
मलिक समेत सिर्फ तीन बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर सके। सलामी बल्लेबाज फवद आलम ने 16 और मध्यक्रम की रीढ़ कहे जाने वाले मोहम्मद यूसुफ ने 10 रन बनाए।
इसके अलावा सलामी बल्लेबाज मंजूर (3), कप्तान यूनुस खान (0), मिस्बाह उल हक (0), अकमल (9), अब्दुर रउफ (0), उमर गुल (1), मोहम्मद आमिर (2) और अजमल (0) ने निराश किया।
श्रीलंका की ओर से कुलसेकरा ने चार, मेंडिस ने तीन, तुषारा ने दो और एंजेलो मैथ्यूज ने एक विकेट हासिल किए।
तीन मैचों की श्रृंखला में श्रीलंका 1-0 से आगे चल रहा है। गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में श्रीलंका ने पाकिस्तान पर नाटकीय जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications