श्रीलंका मजबूत, मिली 74 रनों की बढ़त (राउंडअप)
तेज गेंदबाज नुवान कुलसेकरा की अगुआई में पाकिस्तान की पहली पारी मात्र 90 रनों पर समेटने वाली श्रीलंकाई टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाकर 74 रनों की बढ़त हासिल कर ली है।
संगकारा ने 126 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 81 रन बनाए थे जबकि थिलन समरवीरा 29 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 13 रन बनाकर नाबाद लौटे।
श्रीलंका का पहला विकेट सलामी बल्लेबाज मलिंडा वर्नपुरा के रूप में गिरा। वर्नपुरा 17 गेंदों पर एक चौके की मदद से 11 रन बनाकर तेज गेंदबाज उमर गुल की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिए गए। वर्नपुरा का विकेट 28 रन के कुल योग पर गिरा।
इसके बाद थरंगा पारानाविताना (26) और कप्तान कुमार संगकारा ने पारी को संवारते हुए कुल योग को 82 रनों तक पहुंचाया लेकिन इसी योग पर सईद अजमल ने पारानाविताना को कामरान अकमल के हाथों कैच करा दिया।
पारानाविताना ने 68 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके लगाए। श्रीलंका को तीसरा झटका पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने (19) के रूप में लगा। जयवर्धने ने 53 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके लगाए। उनका विकेट 133 रन के कुल योग पर गिरा। उन्हें अजमल ने खुर्रम मंजूर के हाथों कैच कराया।
इससे पहले, कुलसेकरा, अजंता मेंडिस और थिलन तुषारा की घातक गेंदबाजी के आगे पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए। पाकिस्तान की पूरी टीम 36 ओवरों में सिर्फ 90 रनों पर सिमट गई। कुलसेकरा ने चार, मेंडिस ने तीन, तुषारा ने दो और एंजेलो मैथ्यूज ने एक विकेट हासिल किए।
पाकिस्तान के लिए पूर्व कप्तान शोएब मलिक ने सर्वाधिक 39 रन बनाए। मलिक ने अपनी 88 गेंदों की नाबाद पारी के दौरान पांच चौके लगाए। मलिक समेत सिर्फ तीन बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर सके। सलामी बल्लेबाज फवद आलम ने 16 और मध्यक्रम की रीढ़ कहे जाने वाले मोहम्मद यूसुफ ने 10 रन बनाए।
इसके अलावा सलामी बल्लेबाज मंजूर (3), कप्तान यूनुस खान (0), मिस्बाह उल हक (0), अकमल (9), अब्दुर रउफ (0), उमर गुल (1), मोहम्मद आमिर (2) और अजमल (0) ने निराश किया।
टेस्ट मैचों की किसी पारी में पाकिस्तान का यह सातवां न्यूनतम योग है। टेस्ट मैचों में पाकिस्तान का न्यूनतम स्कोर 53 रन रहा है, जो उसने 2002 में शारजाह में आस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाए थे।
आस्ट्रेलिया की ओर से शेन वार्न ने दूसरी पारी में 13 रन देकर चार विकेट झटके थे। पाकिस्तानी टीम अब तक कुल 10 बार एक पारी में 100 रनों का आंकड़ा पार करने में नाकाम रही है।
पाकिस्तान की टीम इसी मैच की पहली पारी में मात्र 59 रनों पर पेवेलियन लौट गई थी। पहली पारी में भी वार्न ने 11 रन देकर चार विकेट लिए थे। इस तरह वार्न उस टेस्ट मैच में 24 रन खर्च करते हुए कुल आठ विकेट झटके थे।
इससे अलावा पाकिस्तानी टीम 1981 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ 62 रन, 2004 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ 72 रन, 1986 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 77 रन, 1954 में इंग्लैंड के खिलाफ 87 रन, इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ 90 रन, 1997 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 92 रन और 1995 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ 97 रनों पर पेवेलियन लौट गई थी।
तीन मैचों की श्रृंखला में श्रीलंका 1-0 से आगे चल रहा है। गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में श्रीलंका ने पाकिस्तान पर नाटकीय जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications